ब्रेकिंग न्यूज
शासन-प्रशासन के प्रयासों से पीवीटीजी समुदाय को मिल रहा लाभपीएम जनमन आवास योजना से कमलेश्वरी को मिला सुरक्षित आवास


बलरामपुर, 12 मार्च 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। शासन-प्रशासन के सतत प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत जनपद पंचायत राजपुर के ग्राम पंचायत भिलाईखुर्द की निवासी विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय की श्रीमती कमलेश्वरी को पक्के आवास का लाभ मिला है।
वे बताती हैं कि पहले वे अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहते थे। आर्थिक रूप से सक्षम न होने के कारण पक्के मकान का निर्माण करना संभव नहीं हो पा रहा था। सीमित संसाधनों के कारण यह सपना अधूरा ही लग रहा था। तब ग्राम पंचायत के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के बारे में जानकारी मिली। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें आवास निर्माण के लिए किस्तों में राशि प्राप्त हुई। प्राप्त राशि से उन्होंने धीरे-धीरे अपने पक्के मकान का निर्माण कार्य शुरू किया और समय पर राशि मिलने से उनका आवास पूर्ण हो गया। अब श्रीमती कमलेश्वरी अपने परिवार के साथ पक्के और सुरक्षित घर में रहती हैं। वे बताती हैं कि शासन की योजनाओं से उन्हें न केवल आवास का लाभ मिला, बल्कि अन्य योजनाओं से भी उन्हें सहयोग मिल रहा है। श्रीमती कमलेश्वरी को महतारी वंदन योजना के तहत प्रति माह 1000 रुपये की सहायता राशि मिल रही है। बीपीएल राशन कार्ड के माध्यम से उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के हित में चलाई जा रही शासन की योजनाओं के लिए शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि शासन-प्रशासन द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिले के जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.