ब्रेकिंग न्यूज
खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर: महिला खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हुआ सम्मान



बलरामपुर, 11 जुलाई। जिले के विकासखंड बलरामपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित महिला खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में महिलाओं ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्साह का शानदार परिचय दिया। “खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आई महिला खिलाड़ियों ने कई खेल स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं तथा जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण निरंतर अभ्यास और समर्पण होता है।
प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो और रस्साकशी जैसी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया, जिससे मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हिरामुनी निकुंज, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, मेडल, शील्ड एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

खेल के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया। प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक महिला प्रतिभागी को एक पौधा भेंट किया गया तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने खेल और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर समाज में सकारात्मक जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.