बलरामपुर वन मंडल में प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा, अस्थायी कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र बदले

संवाददाता परवेज खान की रिपोर्ट
बलरामपुर। वन मंडल बलरामपुर में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेई (भारतीय वन सेवा) ने अस्थायी कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनके स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं।
विभागीय आदेश के अनुसार यह निर्णय वन क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने, वन एवं वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को गति देने तथा उपलब्ध मानव संसाधनों का आवश्यकता के अनुरूप बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से विभिन्न वन परिक्षेत्रों में कार्यों के संचालन में अधिक दक्षता आएगी।

वन मंडलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को वन संरक्षण, विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों में पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए हैं।
वन विभाग का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उम्मीद जताई जा रही है कि इससे वन क्षेत्रों की निगरानी बेहतर होगी, संरक्षण संबंधी गतिविधियों में तेजी आएगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से संबंधित क्षेत्रों तक पहुंच सकेगा।
