ब्रेकिंग न्यूज
लखनपुर के पंचायतों में अविवाहितों के नाम पर बने हजारों राशन कार्ड, बड़ा घोटाला उजागर।

✍️ रानू बघेल – बलरामपुर 🇮🇳

सरगुजा/लखनपुर।
लखनपुर जनपद क्षेत्र से भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कई ग्राम पंचायतों में हजारों ऐसे लोगों के नाम पर राशन कार्ड जारी किए गए हैं जो अविवाहित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से योजनाओं में धांधली और गड़बड़ी का मामला है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रारंभ में यह मामला जिम्मेदार अधिकारियों की नजर से बचा रहा। लेकिन जैसे ही विभागीय स्तर पर जानकारी सामने आई, अफसरों में हलचल मच गई है। फूड इंस्पेक्टर ने स्वीकार किया है कि इस गड़बड़ी की जांच शुरू कर दी गई है और फर्जी पाए जाने वाले सभी कार्ड जल्द रद्द किए जाएंगे।

ग्रामीणों का आरोप है कि राशन योजना का लाभ असली हकदार परिवारों को देने के बजाय, फर्जी कार्ड बनाकर भ्रष्टाचार किया गया। उनका सवाल है कि हजारों की संख्या में अविवाहितों के नाम पर कार्ड बनने के बावजूद, पंचायत से लेकर उच्च अधिकारियों तक किसी ने रोकथाम या कार्रवाई क्यों नहीं की?

लोगों ने शासन-प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीण यह भी कह रहे हैं कि यदि किसी को लाभ दिया गया है तो सभी पात्रों को दिया जाना चाहिए, वरना इन फर्जी कार्डों को रद्द किया जाए।

प्रदेश में फिलहाल भाजपा की सरकार है, ऐसे में सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सरकार व प्रशासन इस मामले में सख्ती दिखाते हुए भ्रष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों पर गाज गिराएंगे या फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.