ग्राम सिरकोतगा मूलभूत सुविधाओं से महरूम, ग्रामीणों में आक्रोश चरम पर

जनपद लखनपुर की पंचायत व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
रानू बघेल– संपादक, चिप बलरामपुर 🇮🇳
लखनपुर (सरगुजा) – जनपद पंचायत लखनपुर के अंतर्गत आने वाला ग्राम सिरकोतगा आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्षों से इस गाँव में पीने के पानी, सड़क, बिजली, नाली और साफ-सफाई जैसी सुविधाएं या तो पूरी तरह से गायब हैं या बदहाल स्थिति में हैं।
गांव में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति भी काफी खराब बताई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार पंचायत और विभागीय अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, अमल कभी नहीं हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में फंड की कोई कमी नहीं है, फिर भी सरपंच, सचिव और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते कोई ठोस काम नहीं हो पा रहा है। इससे गाँव के लोगों में गहरी नाराजगी है।
गाँव के कई नागरिकों ने प्रशासन से माँग की है कि तत्काल जांच कर ठोस कदम उठाया जाए। उनका कहना है कि अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
