ब्रेकिंग न्यूज
भगवानपुर में हाथी से आमना-सामना, जान बचाते भागा ग्रामीण हुआ घायल

संतोषी सिंह की रिपोर्ट

बलरामपुर जिले से एक बार फिर हाथी आतंक की बड़ी खबर सामने आई है। वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर क्षेत्र में दल से बिछड़े एक हाथी ने ग्रामीण को दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए भाग रहे ग्रामीण का पैर फिसल गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना में घायल व्यक्ति की पहचान रामलाखन, पिता रामपत गोड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण अचानक जंगल क्षेत्र में हाथी के सामने आ गया था, जिसके बाद हाथी ने उसे दौड़ाया। इसी दौरान गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से घायल को सरकारी वाहन द्वारा सिविल हॉस्पिटल वाड्रफनगर में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
वन विभाग के मुताबिक, यह हाथी अपने दल से बिछड़ गया है और बीते कई दिनों से भगवानपुर व आसपास के इलाकों में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। विभाग द्वारा लोगों को जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
फिलहाल वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.