कलेक्टर मतगणना के संबंध में कलेक्टर ने ली प्रेसवार्ता सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के बीच होगी।

संवाददाता जसीम खान की रिपोर्ट । कुसमी।बलरामपुर 01 दिसम्बर 2023/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रिमिजियुस एक्का एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में जिले के दानों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र

के लिए मतगणना की तैयारी के संबंध में पत्रकारों को जानकारी दी। गौरतलब है कि विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत 03 दिसम्बर 2023 को मतगणना होना है। इस संबंध में कलेक्टर ने बताया कि मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले के विधानसभा क्षेत्र 07-रामानुजगंज एवं 08-सामरी के लिए मतगणना का कार्य लाइवलीहुड कॉलेज भेलवाडीह में स्थित स्ट्रांग रूम में प्रेक्षकों और प्रत्याशियों की मौजूदगी में की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि सर्वप्रथम प्रातः 8ः00 बजे डाक मत पत्रों की गणना की जाएगी, तत्पश्चात् 8ः30 बजे ई.व्ही.एम. मशीनों के मतों की गणना रामानुजगंज के लिए 20 तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 08-सामरी के लिये 19 चक्रों में की जाएगी। जिसके लिए दोनों विधानसभा हेतु मतगणना कक्ष में 14-14 टेबल निर्धारित की गई है। मतगणना दिवस को प्रातः 7ः30 बजे प्रेक्षकों और प्रत्याशियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रिमिजियुस एक्का ने बताया कि मतगणना तिथि 3 दिसम्बर 2023 को जिला कोषालय के स्ट्रांग रूम से प्रातः 6ः00 बजे विधानसभा की मतपेटियों को अभ्यर्थियों/प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरी सुरक्षा के साथ मतगणना स्थल शासकीय लाइवलीहुड कॉलेज भेलवाडीह तक ले जाई जाएंगी। मतगणना परिसर में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के लिये मीडिया सेंटर बनाया गया है।

