एचपीवी टीकाकरण में बलरामपुर-रामानुजगंज प्रदेश में दूसरे स्थान पर

विभागीय समन्वय, सतत मॉनिटरिंग और जनसहभागिता से शत-प्रतिशत कवरेज का प्रयास जारी
बालिकाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सजग बलरामपुर
बलरामपुर, 24 जून 2026/ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कवरेज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। जिले में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 84 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल किया है, जो जिला प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन, स्वास्थ्य विभाग की प्रभावी कार्ययोजना तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विजय सिंह के नेतृत्व में जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान को विशेष प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर पात्र बालिकाओं की पहचान की गई। इसके लिए ग्रामवार एवं विद्यालयवार माइक्रोप्लान तैयार कर टीकाकरण सत्रों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया गया।
जिले में कुल 8785 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 7417 बालिकाओं को टीका लगाया गया। अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। छूटे हुए पात्र तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष फॉलोअप अभियान भी संचालित किया जा रहा है।
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एएनएम, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं शिक्षकों द्वारा घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को एचपीवी टीके के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी गई। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता बैठकों, पालक-शिक्षक बैठकों तथा सामुदायिक संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे लोगों में सकारात्मक जागरूकता के साथ टीकाकरण को बढ़ावा मिला।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर विकासखंडवार प्रगति की निगरानी की गई। जिन क्षेत्रों में टीकाकरण की प्रगति अपेक्षाकृत कम थी, वहां विशेष टीमों को भेजकर छूटे हुए पात्र का चिन्हांकन किया गया तथा उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।

जिले में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में एचपीवी टीकाकरण के शत-प्रतिशत कवरेज का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को छूटे हुए प्रत्येक पात्र बालिका की पहचान कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से व्यापक जन जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।
जिले का लक्ष्य आगामी मूल्यांकन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सतत मॉनिटरिंग, घर-घर संपर्क अभियान तथा छूटे हुए पात्र बालिका के फॉलोअप पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप सभी विभागों के समन्वित प्रयास, मैदानी अमले की सक्रिय भागीदारी एवं व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से एचपीवी टीकाकरण कवरेज को और अधिक बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
