ब्रेकिंग न्यूज
अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अभियान जारी24 हजार से अधिक विद्यालयीन बच्चों का किया गया अद्यतन


0 से 6 आयु वर्ग के बनाया जा रहा आधार कार्ड
बलरामपुर, 05 मार्च 2026/ जिले में आधार सेवाओं को सुदृढ़ एवं अद्यतन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 11 अक्टूबर 2025 से अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट का कार्य सतत रूप से संचालित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार में बायोमेट्रिक अद्यतन किया जाना अनिवार्य है।
जिला बलरामपुर में इस कार्य हेतु 37 आधार ऑपरेटर विभिन्न शासकीय एवं अर्ध-शासकीय विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित कर रहे हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 34,446 अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट किया जाना है, जिसके विरुद्ध 24,188 अपडेट सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है, जो कि सक्रिय प्रयासों एवं समन्वित कार्यप्रणाली का परिणाम है। अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तथा 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के नवीन आधार पंजीयन का कार्य भी किया जा रहा है। अब तक लगभग 500 से अधिक नए आधार पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है। प्रशासन द्वारा स्कूल स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर बच्चों का आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट किया जा रहा है, जिससे अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिले में आगामी माह में भी यह अभियान जारी रहेगा, जिससे शेष पात्र बच्चों का अद्यतन किया जा सके।

अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट समय पर अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा न आए।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.