ब्रेकिंग न्यूज
आरसेटी बलरामपुर में 30 दिवसीय आवासीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण सम्पन्न


बलरामपुर, 26 फरवरी 2026/ जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन एवं एनआरएलएम प्रमुख श्री ज्ञानेन्द्र सिंह तथा मनरेगा टीम के सहयोग से 30 दिवसीय आवासीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण 27 जनवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक जिला मुख्यालय स्थित सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया आरसेटी भवन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाने का अवसर मिला है, जिससे वे भविष्य में निर्माण कार्यों में कुशल राजमिस्त्री के रूप में अपनी पहचान बना सकेंगे तथा स्वयं का रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सुदृढ़ बन सकेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखण्ड बलरामपुर के मनरेगा हितग्राहियों का पंजीयन उन्नति पोर्टल में कर उन्हें कौशल विकास से जोड़ा गया साथ ही उन्हें राजमिस्त्री प्रशिक्षण का लाभ दिया गया। जिसके अंतर्गत ग्रामीण युवाओं को कुशल राजमिस्त्री के रूप में तैयार कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।
डोमेन स्किल ट्रेनर अमित कुमार गुप्ता के द्वारा राजमिस्त्री प्रशिक्षण दिया गया। बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी आरसेटी संचालक श्री पी.के. दास एवं फैकेल्टी सुश्री तसनीम निकहत तथा श्री गुपेश कुमार कुशवाहा द्वारा दी गई। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को एक कुशल राजमिस्त्री बनने की तकनीकी दक्षताओं के साथ-साथ बैंकिंग सेवाओं की सामान्य जानकारी, बचत, ऋण प्रक्रिया, स्वरोजगार स्थापना एवं दैनिक जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गई। साथ ही 25 फरवरी 2026 को प्रशिक्षणार्थियों का अंतिम मूल्यांकन राज्य टीम से आए ईडीपी असेसर श्री जय बस्वराज एवं डोमेन असेसर श्री जितेन्द्र कुमार साहु द्वारा किया गया। मूल्यांकन के माध्यम से प्रतिभागियों के तकनीकी कौशल एवं व्यावहारिक दक्षता का परीक्षण किया गया। 30 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आरसेटी संचालक श्री पी. के. दास, फैकल्टी सुश्री तसनीम निकहत, श्री गुपेश कुमार कुशवाहा एवं समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग से संपन्न हुआ।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.