ब्रेकिंग न्यूज
नशे के खिलाफ शंकरगढ़ पुलिस का प्रहार: 4.204 किलो गांजा बरामद, आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी पकड़ा गया

ढेलो बघेल की रिपोर्ट. शंकरगढ़ / बलरामपुर

थाना शंकरगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए लगभग 4 किलो 204 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस को 13 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नीले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल से गांजा बेचने के उद्देश्य से गम्हारडीह की ओर से भागवतपुर मोड़ स्थित आम बगीचा की तरफ आ रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना प्रभारी शंकरगढ़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
कुछ समय बाद पुलिस ने देखा कि मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार दो युवक पगडंडी रास्ते से आते हुए दिखाई दिए, जिनके पास एक काला बैग था। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम छवि उर्फ मोनु साहू (27 वर्ष), निवासी जमनीपाली, थाना दर्री, जिला कोरबा बताया। दूसरा आरोपी विधि से संघर्षरत बालक पाया गया।
गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी लेने पर खाकी टेप से लिपटे चार पैकेट बरामद हुए। तौल करने पर सभी पैकेटों में कुल 4 किलो 204 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध क्रमांक 24/2026 दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय सत्र न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.