ग्राम पंचायत निम्हा में महिला समूह ने थामी स्वच्छता की कमान


रानू बघेल – एडिटर चिप, बलरामपुर 🇮🇳
सरगुजा, लखनपुर।
लखनपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत निम्हा में महिलाओं ने गांव को स्वच्छ और आकर्षक बनाने का बीड़ा उठाया है। सारदा महिला समूह की सदस्याएं लगातार सफाई अभियान चला रही हैं और ग्रामीणों को भी साफ-सफाई के महत्व से अवगत करा रही हैं।
गांव की गलियों, रास्तों और नालियों की नियमित सफाई की जा रही है। महिलाएं अपने स्तर पर कचरे का निस्तारण कर रही हैं और स्वच्छ वातावरण के लिए लोगों को प्रेरित कर रही हैं। उनका कहना है कि स्वच्छ गांव न केवल सुंदर दिखेगा बल्कि बीमारियों पर भी लगाम लगेगी।
ग्राम पंचायत निम्हा के सरपंच जय सिंह ने इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि पंचायत की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “गांव को स्वच्छ रखना स्वास्थ्य से सीधा जुड़ा विषय है, इसलिए जितना अधिक स्वच्छता पर ध्यान देंगे, उतनी ही बीमारियां कम होंगी।”
गांव के बुजुर्ग और युवा भी इस अभियान से जुड़कर उत्साह व्यक्त कर रहे हैं। उनका मानना है कि महिला समूह की मेहनत से गांव में एक सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत हुई है।
महिला समूह की सदस्याएं अपने संसाधनों से ही काम कर रही हैं और आने वाले समय में इस अभियान को और व्यापक रूप देने की योजना है। उद्देश्य यह है कि ग्राम पंचायत निम्हा को आदर्श व स्वच्छ गांव के रूप में पहचान मिले।
इस अवसर पर सरपंच जय सिंह कुरूम, भीखम राम, सचिव मोटे लाल, रोजगार सहायक रजेंद्र, भुवन सिंह, शीला प्रजापति, अध्यक्ष तारामणि, सुधा दास सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
