ब्रेकिंग न्यूज
लखनपुर थाना पर मिलीभगत का आरोप, पत्रकार ने झूठे केस की साजिश उजागर की


रानू बघेल– बलरामपुर

सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों की मिलीभगत का मामला जोर पकड़ने लगा है। स्थानीय पत्रकार मुकेश कुमार यादव, संपादक सरगुजा छत्तीसगढ़ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि थाना प्रभारी और उनके स्टाफ ने अपराधियों के साथ मिलकर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की योजना बनाई है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री के नाम शिकायत दर्ज कराई है।

पत्रकार यादव का कहना है कि थाना प्रभारी खुलेआम अपराधियों का संरक्षण कर रहे हैं। अपराधियों के बढ़ते मनोबल का नतीजा यह हुआ कि उनके खिलाफ झूठी मेडिकल रिपोर्ट तैयार कर साजिशन हमला करने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की चुप्पी इस पूरे खेल को और गहरा बना रही है।

उन्होंने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्ष 2011 में उनका हार्ट का बड़ा ऑपरेशन हुआ था, जिसके चलते चिकित्सकीय दृष्टि से किसी पर हमला करना संभव ही नहीं है। इसके बावजूद उन पर तीन लोगों को चोट पहुँचाने का आरोप लगाया जाना, सीधे तौर पर उनकी छवि खराब करने और पत्रकारिता की आवाज दबाने का प्रयास है।

यादव ने स्पष्ट आरोप लगाया कि थाना प्रभारी और उनका स्टाफ अपराधियों से सांठगांठ कर फर्जी रिपोर्ट बनवा रहे हैं। उनका कहना है कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है ताकि सच सामने न आ सके और उनकी कलम की ताकत कमजोर हो जाए।

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में पत्रकार ने प्रमुख मांगें रखी हैं—

लखनपुर थाना प्रभारी और स्टाफ की निष्पक्ष जांच हो।

अपराधियों को संरक्षण देने वाले पुलिस अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

झूठी मेडिकल रिपोर्ट और फर्जी प्रकरण की साजिश का पर्दाफाश किया जाए।

पत्रकार की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी सुनिश्चित की जाए।


ज्ञापन सौंपने के दौरान मुकेश यादव ने कहा कि यदि जल्द ही न्यायोचित कार्रवाई नहीं होती है तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। उन्हें भरोसा है कि मुख्यमंत्री मामले की गंभीरता को समझते हुए निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित करेंगे।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.