ब्रेकिंग न्यूज
डीआईजी व एसएसपी ने अचानक किया चांदनी थाना व चेकपोस्ट का निरीक्षण।



सूरजपुर, 30 अगस्त 2025।
डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने शनिवार की रात दूरस्थ थाना चांदनी में आकस्मिक पहुंचकर गश्त व्यवस्था की जांच की। रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान उन्होंने गश्ती दल की तैयारी और उनकी सतर्कता का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों व जवानों को निर्देशित किया गया कि गश्त के समय किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें तथा अवैध कार्यों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना प्रभारी से लंबित प्रकरणों और शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ितों की समस्या का संवेदनशीलता के साथ निपटारा होना चाहिए और समाज के कमजोर वर्ग, महिलाएं तथा बच्चे त्वरित न्याय पा सकें। थाना रिकॉर्ड, पंजियों, सीसीटीएनएस प्रविष्टियों व सीसीटीवी बैकअप की स्थिति भी परखी गई। जवानों के लिए आवासीय सुविधा और आवश्यक निर्माण कार्यों का प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने चल रही सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों की जानकारी लेकर थाना क्षेत्र में साइबर अपराध, नशामुक्ति और यातायात नियमों पर लोगों को जागरूक करने के लिए चलित थाना कार्यक्रम आयोजित करने को भी कहा।

अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट नवाटोला का औचक निरीक्षण

निरीक्षण के बाद श्री ठाकुर छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा पर स्थित नवाटोला चेकपोस्ट पहुंचे। यहां उन्होंने तैनात पुलिस बल की सतर्कता और सीसीटीवी प्रणाली की समीक्षा की। अधिकारियों व जवानों को निर्देश दिए गए कि अवैध शराब, गांजा या किसी भी प्रकार की तस्करी हर हाल में रोकी जाए। हर वाहन की बारीकी से जांच हो और चेकपोस्ट पर निगरानी किसी भी सूरत में ढीली न पड़े।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.