शरेआम पत्रकार पर जानलेवा हमला: गर्दन पर किया वार, ग्रामीणों ने बचाई जान


रायगढ़ सारंगढ़ नशे में धुत्त आदतन बदमाश बसित सिदार और साथी ने दिया वारदात को अंजाम, अपराधी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
जिले के घौठला गांव में मंगलवार की शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब बाजार में मौजूद वरिष्ठ पत्रकार जगन्नाथ बैरागी पर नशे में धुत दो बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के समय पत्रकार अपनी माताजी और भतीजी के साथ खरीदारी करने बाजार पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब पत्रकार एक होटल में नाश्ता कर रहे थे। तभी बसित सिदार नामक युवक नशे की हालत में अपनी ही बाइक से गिर गया। इसके बाद उसने पत्रकार की खड़ी कार को लेकर गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने नुकीले हथियार से पत्रकार के गले पर वार कर दिया। इस दौरान आनंद बरेठ नामक युवक ने भी बसित का साथ देते हुए मारपीट में हिस्सा लिया।
बाजार में दहशत का माहौल
इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर पत्रकार को गंभीर चोट से बचा लिया। बावजूद इसके, गले पर किया गया हमला स्पष्ट रूप से जान से मारने की कोशिश मानी जा रही है।
बदमाशों के हौसले बुलंद, कानून का भय खत्म?
इस तरह की वारदात से स्पष्ट है कि अब बदमाशों में कानून और पुलिस का कोई डर नहीं बचा है। जब एक पत्रकार पर सरेआम हमला हो सकता है, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
बदमाशों की धमकी: गांव आने पर जान से मारने की चेतावनी
घटना के बाद हमलावरों ने पत्रकार को भविष्य में गांव आने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी है।
थाने में हुई एफआईआर, पत्रकार संगठनों में आक्रोश
हमले की खबर मिलते ही पत्रकार संगठनों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के जिलाध्यक्ष नरेश चौहान, जिला प्रेस क्लब के सचिव संतोष चौहान, तथा श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रतिनिधियों ने अपराध पंजीबद्ध कराए जाने के साथ आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
“


“पत्रकार पर हमला, लोकतंत्र पर हमला” – नरेश चौहान
जिलाध्यक्ष नरेश चौहान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह हमला किसी एक पत्रकार पर नहीं, बल्कि पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो जिले भर में आंदोलन होगा।
प्रशासन का जवाब
कोतवाली थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी।
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने भी जताई नाराज़गी
बाजार बड़े पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश (अम्बू) पटेल ने कहा, “हम अपराध के खिलाफ हैं, गांव का कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। दोषियों पर पंचायत स्तर पर भी सख्त कार्रवाई होगी।”
वहीं पूर्व सरपंच प्रतिनिधि देवनारायण पटेल ने कहा कि बसित सिदार लंबे समय से नशे और गुंडागर्दी के लिए कुख्यात है, जिससे गांव की छवि खराब हो रही है।
