शंकरगढ़ के हर्राटोली शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया

(मीडिया सम्मान परिवार)
रानू बघेल/ शंकरगढ़।शंकरगढ़ के हर्राटोली शिव मंदिर में महाशिवरात्रि का पावन पर्व हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। भगवान शिव की आराधना के इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं ने जल, फल, फूल और बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान का भी आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शंकरगढ़ पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हुआ। वहीं, ग्राम पंचायत शंकरगढ़ और बेलसर के सरपंचों द्वारा भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया और भक्तों में आध्यात्मिक जागरूकता का संचार किया।

