ब्रेकिंग न्यूज


बलरामपुर, 11 मार्च 2026/ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्मकाल के दौरान शुद्ध पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 मार्च से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष हैंडपंप संधारण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले में स्थापित पेयजल स्रोतों की मरम्मत, संधारण और जल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ने संबंधितों को अभियान के दौरान सभी उपखंडों के भंडार गृहों में हैंडपंप संधारण के लिए आवश्यक सामग्री जैसे राइजर पाइप, स्पेयर पार्ट्स तथा पेयजल की शुद्धता के लिए सोडियम हाइपोक्लोराइट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत की जा सके। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित पेयजल स्रोतों को सोडियम हाइपोक्लोराइट से क्लोरीनेशन किया जाएगा तथा संचालित एकल ग्राम और समूह जल प्रदाय योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल में अंतिम छोर तक क्लोरीन की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित की जाएगी। पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए हैंडपंपों के पानी की जांच एफटीके (फील्ड टेस्ट किट) और प्रयोगशाला के माध्यम से कराई जाएगी, जिससे लोगों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कार्यपालन अभियंता नेे संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विशेष अभियान के दौरान सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता और शुद्धता सुनिश्चित करें, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.