प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सादगी और समर्पण से हमें सीख मिलती है – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 08 सितंबर 2025।
सांसदों की कार्यशाला के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का साधारण कार्यकर्ता की तरह पीछे बैठकर सहभागी होना सभी के लिए अनुकरणीय क्षण रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखते हुए कहा कि यह दृश्य प्रधानमंत्री जी की विनम्रता, निष्ठा और सेवा भाव को दर्शाता है। उन्होंने यह संदेश दिया है कि नेतृत्व का अर्थ केवल उच्च पद पर बैठना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानना है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री जी की सहजता और कार्य के प्रति समर्पण सभी जनप्रतिनिधियों के लिए मार्गदर्शक है। वे एक महान नेता होने के साथ-साथ स्वयं को कार्यकर्ता की तरह प्रस्तुत करते हैं, जिनके लिए देश और समाज का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ के सरगुजा और रायगढ़ से सांसदों का इस कार्यशाला में प्रधानमंत्री जी के साथ उपस्थित होना उनकी छत्तीसगढ़ के प्रति आत्मीयता और समावेशी सोच को दर्शाता है। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री जी देश के हर क्षेत्र, हर जिले और हर नागरिक को समान महत्व देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आचरण हमें यह सीख देता है कि सच्ची सेवा ही सबसे बड़ा सम्मान है और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही किसी भी जनप्रतिनिधि का सर्वोच्च कर्तव्य होना चाहिए।
