लखनपुर: डस्टबिन खरीदी में घोटाला, पंचायत स्तर पर लाखों की गड़बड़ी उजागर।

रानू बघेल, एडिटर – चिप बलरामपुर 🇮🇳
सरगुजा, लखनपुर।
लखनपुर जनपद की कई ग्राम पंचायतों में डस्टबिन खरीद को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। स्वच्छ भारत मिशन और 15वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग करते हुए लाखों रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
डस्टबिन के नाम पर निकाली गई राशि, काम शून्य
ग्राम पटकुरा समेत अन्य पंचायतों में करीब 3 लाख रुपये से अधिक की राशि डस्टबिन खरीदने के नाम पर खर्च कर दी गई। लेकिन गांवों में या तो डस्टबिन मौजूद ही नहीं हैं, या फिर जो हैं उनकी गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह सारा काम बिना किसी प्रक्रिया और पारदर्शिता के किया गया।
सरपंच और सचिव पर मिलीभगत का आरोप
स्थानीय लोगों ने सीधे तौर पर सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों पर मिलीभगत कर सरकारी फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। कई स्थानों पर बिना आपूर्ति के ही बिल लगाकर राशि निकाल ली गई।

सूत्रों की मानें तो पंचायत दस्तावेजों में कई गड़बड़ियां हैं – न टेंडर प्रक्रिया की पुष्टि, न आपूर्ति की पुष्टि, और न ही वास्तविक रसीदें। कई मामलों में पुराने या नकली बिल लगाकर भुगतान किया गया है।
प्रशासनिक चुप्पी पर सवाल
इस पूरे मामले पर न तो पंचायत के किसी प्रतिनिधि का बयान आया है और न ही जनपद अधिकारियों ने कोई स्पष्टीकरण दिया है। जिससे प्रशासन की नीयत पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शासन से इस प्रकरण की गहराई से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक धन से जुड़ा यह मामला जनहित का विषय है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
