छत्तीसगढ़ में जीएसटी कलेक्शन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, मुख्यमंत्री साय ने कर चोरी पर सख्ती के दिए निर्देश

रायपुर, 2 जुलाई 2025:
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय के महानदी भवन में वाणिज्यिक कर विभाग (जीएसटी) की समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने कर संग्रहण की स्थिति, विभाग के कार्यों और आगे की रणनीतियों पर चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कर अपवंचन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि टैक्स का पैसा देश और राज्य के विकास में लगता है, ऐसे में हर नागरिक का फर्ज है कि वह ईमानदारी से कर का भुगतान करे। उन्होंने फर्जी बिलिंग, दोहरी बहीखाता और गलत टैक्स दरों के माध्यम से लाभ उठाने वालों पर सख्त कदम उठाने को कहा।
बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में छत्तीसगढ़ को जीएसटी और वैट से कुल ₹23,448 करोड़ का कर मिला, जो राज्य के कुल टैक्स कलेक्शन का 38% है। खास बात यह रही कि राज्य ने इस वर्ष 18% की जीएसटी वृद्धि दर दर्ज की, जो पूरे देश में सबसे अधिक है।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने विभागीय प्रगति की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने विभाग की सराहना करते हुए कहा कि टैक्स वसूली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे सराहनीय हैं।

प्रदेश के सभी 33 जिलों में जीएसटी कार्यालय खोले गए हैं, जिससे सेवा में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो रही है।
इस अहम बैठक में मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री मुकेश बंसल व श्री राहुल भगत, और वाणिज्यिक कर आयुक्त श्री पुष्पेंद्र मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे,।
