ब्रेकिंग न्यूज
ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं का विस्तारपशुधन को मिल रहा समय पर उपचार


बलरामपुर, 18 फरवरी 2026/ जिले में पशुपालकों को बेहतर और सुलभ पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर पशुओं का उपचार किया जा रहा है। जिसके माध्यम से दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में पशुपालकों को समय पर उपचार और विभागीय योजनाओं की जानकारी मिल रही है, ताकि पशुधन स्वस्थ रहे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त हो सके।
इसी कड़ी में विकासखण्ड रामचन्द्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत देवीगंज, पिपरोल एवं जामवंतपुर, विकासखण्ड बलरामपुर के पुटसुरा, जरहाड़ीह, महाराजगंज, विकासखण्ड कुसमी के बाटा, जलजली, पोखर में पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने भ्रमण कर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया। इस दौरान पशुओं में पाए गए सामान्य एवं मौसमी रोगों की जांच कर आवश्यक दवाइयां दी गईं तथा पशुपालकों को रोगों की रोकथाम और संतुलित आहार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पशुपालकों को समय पर टीकाकरण कराने और पशुओं के रख-रखाव में स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई। भ्रमण के दौरान पशु चिकित्सा दल ने घर-घर जाकर पशुओं की स्थिति का अवलोकन किया। जिन पशुओं में बीमारी के लक्षण पाए गए,

उनका तत्काल उपचार किया गया।
इस दौरान पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी देकर बताया गया कि पशुपालन के लिए भी केसीसी के माध्यम से ऋण सुविधा प्राप्त की जा सकती है, जिससे पशुपालक अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं। ग्रामीणों को केसीसी आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं पात्रता की जानकारी विस्तार से समझाई। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया गया।

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.