स्कूल की जमीन पर कब्जा, जांच में उजागर हुई सच्चाई


रायगढ़। ग्राम पंचायत भातपुर के साल्हेपाली गांव में स्कूल के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का मामला गरमा गया है। शिकायत के बाद तहसीलदार कार्यालय की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पाया कि खसरा नंबर 273/2क की कुल 0.101 हेक्टेयर भूमि, जो स्कूल हेतु सुरक्षित है, उस पर कन्हैया पटेल ने बड़वाल डालकर कब्जा जमा लिया है। इसी भूखंड पर विद्युत ट्रांसफार्मर और पानी की टंकी भी खड़ी मिली।


जांच में यह भी सामने आया कि अतिक्रमण के कारण आवेदिका संतोषी बैरागी का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया है। उनका आरोप है कि दबंगई दिखाते हुए न केवल उनके मकान की छत तोड़ी गई, बल्कि तीन खंभे गिरा दिए गए और शौचालय का मार्ग भी रोक दिया गया। हैरानी की बात यह है कि पटवारी की शुरुआती रिपोर्ट में इन गंभीर तथ्यों का कोई जिक्र ही नहीं किया गया। इसी वजह से पीड़िता ने पुनः जांच की मांग की थी।
राजस्व विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि खसरा नंबर 273/2क का कुल 0.3080 हेक्टेयर क्षेत्र विद्यालय उपयोग के लिए दर्ज है। इसके बावजूद कब्जा होना इस बात का सबूत है कि प्रशासनिक मशीनरी शासकीय जमीन की सुरक्षा करने में नाकाम रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब विभागीय जांच में अतिक्रमण साबित हो चुका है तो क्या जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई होगी या यह प्रकरण भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा? फिलहाल गांववासियों की निगाहें प्रशासनिक कदम पर टिकी हुई हैं।
